
डोरंडा थाना क्षेत्र के मनिटोला में 24 अप्रैल को हुई नाहिदा परवीन की हत्या का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। इस मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह सामने आई कि महिला की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसकी मुंहबोली बेटी ने अपने बॉयफ्रेंड और उसके साथियों के साथ मिलकर की।

पुलिस जांच के अनुसार, नाहिदा परवीन अपनी मुंहबोली बेटी की शादी की तैयारी कर रही थी। लेकिन बेटी इस फैसले से नाराज थी। इसी नाराजगी में उसने अपने बॉयफ्रेंड अरबाज खान और उसके दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।

हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत छिपाने के लिए शव को घर के डीप फ्रीजर में छुपाकर रख दिया। इस मामले में पुलिस ने अरबाज खान, समीर खान और एक नाबालिग लड़की को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, नाहिदा परवीन के परिजन जो उत्तर प्रदेश में रहते हैं, उनके आने के बाद 27 अप्रैल को शव को दफनाया गया। दफनाने के दौरान जब शरीर पर चोट के निशान देखे गए, तो परिजनों को शक हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
शुरुआती पूछताछ में मुंहबोली बेटी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और बताया कि नाहिदा की मौत बाथरूम में फिसलने से हुई है। लेकिन पड़ोसियों के बयान और सख्ती से पूछताछ के बाद पूरी सच्चाई सामने आ गई।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी बेटी नाहिदा के बैंक खाते से पैसे खर्च करती थी और अपने बॉयफ्रेंड को भी देती थी। जब नाहिदा ने शादी की बात कही और पैसे देने से मना किया, तो इसी बात से नाराज होकर हत्या की साजिश रची गई।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की आगे की जांच जारी है।
