
रांची | रातू राजधानी रांची के रातू इलाके में एक पार्टी के बाद गाड़ी की रफ्तार को लेकर हुआ विवाद हिंसक हो गया। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के दौरान एक दोस्त ने अपने ही दोस्त को गोली मार दी।
घटना में घायल युवक की पहचान संदीप टोप्पो के रूप में हुई है। आरोपी आलोक उरांव ने वारदात के बाद घायल संदीप को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि पार्टी के बाद वाहन की स्पीड को लेकर कहासुनी बढ़ी और मामला गोलीबारी तक पहुंच गया। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।