
मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन आज पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोटो प्रखंड अंतर्गत सेरेंगसिया पहुंचे, जहां उन्होंने सेरेंगसिया के अमर वीर शहीदों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर आयोजित नमन-सह-परियोजनाओं के शिलान्यास, उद्घाटन एवं परिसंपत्ति वितरण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे ऐतिहासिक और प्रेरणादायक दिन बताया।

मुख्यमंत्री ने सेरेंगसिया शहीद स्मारक पर शीश नवाकर अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करने वाले महानायक पोटो हो समेत सभी वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि झारखंड शूरवीरों की धरती रही है और यहां लगभग हर दिन किसी न किसी वीर शहीद के बलिदान को स्मरण किया जाता है। अपने शहीदों का सम्मान करना हमारी परंपरा है, जिसे और सशक्त किया जा रहा है ताकि आने वाली पीढ़ियां अपने इतिहास और संघर्ष को जान सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में आजादी की लड़ाई शुरू होने से पहले ही झारखंड के पूर्वजों ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष छेड़ दिया था। कोल्हान का कोल विद्रोह इसका जीवंत उदाहरण है। यह धरती भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हु, नीलांबर-पीतांबर और पोटो हो जैसे महान वीरों की शहादत की साक्षी रही है, जिन्होंने जल-जंगल-जमीन और अपनी पहचान की रक्षा के लिए सब कुछ न्योछावर कर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार हेडक्वार्टर से नहीं, बल्कि गांवों से चल रही है। आज सरकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं और समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है। झारखंड विकास के हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि आर्थिक, सामाजिक और बौद्धिक रूप से सशक्त हुए बिना आगे बढ़ना संभव नहीं है। सरकार गरीब और जरूरतमंद बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निजी विद्यालयों की तर्ज पर उत्कृष्ट शिक्षा, निःशुल्क मेडिकल-इंजीनियरिंग कोचिंग और विदेश में उच्च शिक्षा हेतु शत-प्रतिशत छात्रवृत्ति प्रदान कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना सरकार का संकल्प है। मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना के तहत 18 से 50 वर्ष की महिलाओं को प्रतिवर्ष 30 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है ताकि वे अपने पैरों पर खड़ी हो सकें।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 398 करोड़ 19 लाख 35 हजार 298 रुपये की लागत से 197 विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत 3 लाख 77 हजार 256 लाभार्थियों के बीच 637 करोड़ 43 लाख रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया तथा 1479 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।

कार्यक्रम में मंत्री श्री दीपक बिरुवा, सांसद श्रीमती जोबा मांझी, कई विधायकगण, जिला प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।














