
रांची, 17 जून 2026: झारखंड में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राँची इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरो-साइकियाट्री एंड एलाइड साइंसेज़ (RINPAS), कांके में बुधवार को “प्रोजेक्ट मानस – ब्रेन्सवे डीप ट्रांसक्रेनियल मैग्नेटिक स्टिमुलेशन (dTMS) सेंटर” का उद्घाटन किया गया।

इस अत्याधुनिक केंद्र का उद्घाटन झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री Dr. Irfan Ansari ने किया। यह परियोजना Central Coalfields Limited (सीसीएल) द्वारा अपने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) कार्यक्रम के तहत वित्तपोषित की गई है। केंद्र की स्थापना Rotary Foundation India द्वारा की गई है तथा इसमें रोटरी क्लब चैरिटेबल ट्रस्ट का सहयोग प्राप्त हुआ है।

कार्यक्रम में कांके विधायक Suresh Kumar Baitha, रिनपास की निदेशक Dr. Jayati Simlai, सीसीएल के जीएम (CSR) Siddharth Shankar Lal सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य आज सार्वजनिक स्वास्थ्य का एक महत्वपूर्ण विषय बन चुका है और इस तरह की आधुनिक तकनीकों की उपलब्धता से राज्य के मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सकेगा। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए रिनपास द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

रिनपास की निदेशक डॉ. जयति सिमलाई ने बताया कि डीप ट्रांसक्रेनियल मैग्नेटिक स्टिमुलेशन (dTMS) एक सुरक्षित, प्रभावी और गैर-आक्रामक उपचार तकनीक है। इसका उपयोग अवसाद (Depression), ऑब्सेसिव कम्पल्सिव डिसऑर्डर (OCD), नशा मुक्ति उपचार तथा अन्य मानसिक एवं तंत्रिका संबंधी विकारों के इलाज में किया जाता है।

उन्होंने कहा कि इस केंद्र के शुरू होने से झारखंड सहित पूर्वी भारत के मरीजों को अत्याधुनिक मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगा। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने केंद्र का निरीक्षण किया और आधुनिक dTMS प्रणाली की कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।
अतिथियों ने इस पहल को झारखंड में मानसिक स्वास्थ्य उपचार के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम बताया। कार्यक्रम में रिनपास के चिकित्सक, संकाय सदस्य, कर्मचारी, रोटरी प्रतिनिधि, सीसीएल के अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमंत्रित अतिथि उपस्थित रहे।
