प्रेमचंद हाईस्कूल में स्टेट टॉपर प्रेम साहू का सम्मान, लीड्स संस्था ने दी ₹21 हजार की सहायता

Spread the love

रांची, 27 अप्रैल: मेसरा स्थित प्रेमचंद हाईस्कूल में सोमवार को एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें झारखंड बोर्ड की माध्यमिक परीक्षा में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र प्रेम कुमार साहू को सम्मानित किया गया।


इस कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के अध्यक्ष प्रेमचंद महतो ने की। समारोह के दौरान लीड्स संस्था के निदेशक ए. के. सिंह ने स्टेट टॉपर प्रेम कुमार साहू को ₹21 हजार की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया।


इस मौके पर ए. के. सिंह ने कहा कि राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र को सम्मानित करना गर्व की बात है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि यदि प्रेम कुमार साहू भविष्य में आईआईटी में प्रवेश प्राप्त करते हैं, तो संस्था उन्हें आगे भी आर्थिक सहयोग प्रदान करेगी।


समारोह में प्रेम कुमार साहू के माता-पिता को भी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उपस्थित अन्य छात्रों को पढ़ाई के प्रति गंभीर रहने और सफलता के लिए प्रेरित किया गया।


विद्यालय के प्राचार्य उपेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि प्रेम कुमार साहू की इस उपलब्धि से पूरा विद्यालय परिवार गौरवान्वित है। वहीं, संस्थापक सह अध्यक्ष प्रेमचंद महतो ने कहा कि अन्य छात्रों को भी इससे प्रेरणा लेकर बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करना चाहिए।


इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, प्रबंधन समिति के सदस्य और लीड्स संस्था के प्रतिनिधि सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply