रांची में स्ट्रीट वेंडर्स को मिलेगा स्थायी ठिकाना! सांसद संजय सेठ और मेयर रोशनी खलखो ने किया निरीक्षण

Spread the love

रांची, 12 जुलाई 2026: रांची में स्ट्रीट वेंडर्स के लिए बड़ी राहत की तैयारी शुरू हो गई है। रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ और रांची की महापौर रोशनी खलखो ने रविवार को पंडरा थाना के सामने स्थित खाली सरकारी भूमि और पंडरा पुल के बाद दाहिनी ओर स्थित खाली स्थान का संयुक्त निरीक्षण किया।


इस पहल का उद्देश्य वर्षों से अस्थायी रूप से सड़क किनारे दुकान लगाकर आजीविका कमाने वाले स्ट्रीट वेंडर्स को एक स्थायी और व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराना है। बताया गया कि OTC मैदान से पंडरा फ्रेंड्स कॉलोनी तक बड़ी संख्या में वेंडर्स प्रतिदिन दुकान लगाते हैं, लेकिन उन्हें लंबे समय से स्थायी व्यवस्था का इंतजार है।


गौरतलब है कि रांची नगर निगम परिषद की बैठक में भी सांसद संजय सेठ ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था और स्ट्रीट वेंडर्स के लिए सम्मानजनक एवं स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने का सुझाव दिया था।

निरीक्षण के दौरान यह भी प्रस्तावित किया गया कि चयनित स्थान पर दैनिक श्रमिकों के लिए शेड और स्वच्छ शौचालय का निर्माण कराया जाएगा, ताकि छोटे व्यवसायियों और श्रमिकों को आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें।


इस मौके पर वार्ड 32 के पार्षद संजय कुमार, वार्ड 33 की पार्षद पुष्पा टोप्पो, वार्ड 34 के पार्षद अजीत कच्छप सहित अशोक मुंडा, सुबेश पांडेय, देवन होंडा, सुशील कुमार और मनोज चौधरी भी मौजूद रहे।

यदि यह योजना धरातल पर उतरती है, तो रांची के हजारों स्ट्रीट वेंडर्स को रोजगार के लिए सुरक्षित, व्यवस्थित और सम्मानजनक स्थान मिल सकेगा।

Leave a Reply