
रांची: टेट सफल सहायक अध्यापक संघ ने झारखंड सरकार और JSSC द्वारा जारी सहायक आचार्य भर्ती विज्ञापन पर गंभीर आपत्ति जताई है। संघ का आरोप है कि विज्ञापन में OBC वर्ग के टेट सफल पारा शिक्षकों के लिए कई विषयों में सीटें शून्य (0) दर्शाई गई हैं, जो उनके साथ अन्याय है।
संघ के प्रदेश संरक्षक प्रमोद कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि पारा शिक्षकों ने वर्षों तक सड़क से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक समायोजन की लड़ाई लड़ी और सर्वोच्च न्यायालय से उनके पक्ष में फैसला भी आया। इसके बावजूद सरकार सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप कार्य नहीं कर रही है।
संघ का दावा है कि वर्तमान में लगभग 5,400 टेट पास पारा शिक्षकों में करीब 80 प्रतिशत OBC वर्ग से आते हैं। ऐसे में भर्ती विज्ञापन में OBC वर्ग के लिए कई पदों पर शून्य सीट दिखाना न्यायसंगत नहीं है।

प्रेस विज्ञप्ति में यह भी कहा गया कि सरकार को अनुभव के आधार पर बिना परीक्षा के टेट सफल पारा शिक्षकों का समायोजन करना चाहिए था। साथ ही भर्ती प्रक्रिया में नॉर्मलाइजेशन का प्रावधान जोड़ने पर भी संघ ने सवाल उठाए हैं।
टेट सफल सहायक अध्यापक संघ ने सरकार से मांग की है कि भर्ती विज्ञापन में कथित त्रुटियों को जल्द से जल्द सुधारा जाए और OBC वर्ग के लिए उचित सीटें सुनिश्चित की जाएं। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते संशोधन नहीं किया गया, तो मुख्यमंत्री आवास और JSSC कार्यालय का घेराव किया जाएगा।