
राँची के अरगोड़ा चौक के पास मंगलवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब बाइक पर सवार होकर आए तीन अपराधियों ने ‘जीवन ज्योति’ नामक यात्री बस पर अचानक ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हमले में किसी यात्री या स्थानीय व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना के समय अरगोड़ा थाना की पीसीआर और पेट्रोलिंग टीम इलाके में मौजूद थी। गोली चलने की आवाज सुनते ही पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई और अपराधियों का पीछा शुरू कर दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और घेराबंदी के दौरान एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके दो अन्य साथी अंधेरे और भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और इस फायरिंग के पीछे की वजह जानने में जुटी हुई है।