छोटानागपुर लॉ कॉलेज में “सरना धर्म” कॉलम जोड़ने की मांग, आदिवासी छात्र संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी

Spread the love

रांची, 11 मई 2026: छोटानागपुर लॉ कॉलेज के नामांकन प्रपत्र में “अन्य/सरना धर्म” कॉलम जोड़ने की मांग तेज हो गई है। आदिवासी छात्र संघ झारखंड के केंद्रीय अध्यक्ष सुशील उराँव ने कॉलेज प्रशासन से मांग करते हुए कहा है कि आदिवासी छात्र-छात्राओं की धार्मिक पहचान को सम्मान देने के लिए नामांकन फॉर्म में अलग से “सरना धर्म” विकल्प जोड़ा जाना चाहिए।


उन्होंने कहा कि झारखंड एक आदिवासी बहुल राज्य है, जहां आदिवासी समाज की अपनी अलग धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान है। लेकिन वर्तमान में कॉलेज के नामांकन प्रपत्र में सरना धर्म का अलग विकल्प नहीं होने के कारण छात्रों को अपनी वास्तविक धार्मिक पहचान दर्ज करने में परेशानी होती है।


सुशील उराँव ने कहा कि “अन्य/सरना धर्म” कॉलम जोड़े जाने से सरना धर्म मानने वाले छात्र-छात्राएं अपने धर्म को सही तरीके से अंकित कर सकेंगे और उनकी पहचान सुरक्षित रह सकेगी।


उन्होंने यह भी कहा कि आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और धार्मिक पहचान को सम्मान देना शैक्षणिक संस्थानों की जिम्मेदारी है। कॉलेज प्रशासन को इस विषय पर गंभीरता से विचार कर जल्द सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।
आदिवासी छात्र संघ ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करने को बाध्य होगा।

Leave a Reply