CCL में चार नए श्रम संहिताओं पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

Spread the love

रांची: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) के मानव संसाधन विकास विभाग (HRD) द्वारा चार नई श्रम संहिताओं एवं उनसे संबंधित नियमों पर आधारित दो दिवसीय प्रशिक्षण-सह-जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ 26 जून 2026 को एमटीसी, एचआरडी परिसर में किया गया। यह कार्यक्रम 26 एवं 27 जून तक आयोजित किया जा रहा है।


कार्यक्रम में सीसीएल के सभी क्षेत्रीय महाप्रबंधक, मुख्यालय के विभागाध्यक्ष, खान प्रबंधक, मानव संसाधन अधिकारी, परियोजना पदाधिकारी, ट्रेड यूनियन प्रतिनिधि, एससी-एसटी-बीसी काउंसिल, INMOSSA, CMOAI तथा ठेकेदारों के प्रतिनिधियों सहित कुल 105 प्रतिभागी शामिल हुए।


उद्घाटन सत्र में निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी, मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार, महाप्रबंधक (एचआरडी) एम.एफ. हक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वहीं भारत सरकार के पूर्व मुख्य श्रम आयुक्त डॉ. ओंकार शर्मा ने विशेषज्ञ संकाय के रूप में श्रम संहिताओं के विभिन्न प्रावधानों, उनके अनुपालन और व्यावहारिक क्रियान्वयन पर विस्तृत जानकारी दी।


मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार ने कहा कि नई श्रम संहिताओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी हितधारकों की सक्रिय भागीदारी और सहयोग आवश्यक है। वहीं निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी ने बदलते औद्योगिक परिवेश में निरंतर ज्ञानवर्धन और नई व्यवस्थाओं से अपडेट रहने की आवश्यकता पर जोर दिया।


प्रशिक्षण के पहले दिन प्रतिभागियों ने संवादात्मक सत्रों में सक्रिय भागीदारी की और श्रम कानूनों से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने प्रश्न एवं सुझाव साझा किए। सीसीएल की यह पहल श्रम कानूनों की बेहतर समझ विकसित करने, अनुपालन व्यवस्था को मजबूत करने तथा कार्यस्थलों पर बेहतर औद्योगिक संबंध स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply