सीसीएल की बड़ी पहल: ‘उपचार आपके द्वार’ के तहत चौथे मोबाइल मेडिकल यूनिट की शुरुआत, 23 गांवों तक पहुंचेगी स्वास्थ्य सेवा

Spread the love

रांची/लातेहार : सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड Central Coalfields Limited ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत दूरस्थ और खनन प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सीसीएल की बहुप्रशंसित पहल “उपचार आपके द्वार” के अंतर्गत चौथे मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU) को सोमवार को रवाना किया गया।
सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने इस मोबाइल मेडिकल यूनिट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक (CSR) सिद्धार्थ शंकर लाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी, विभागाध्यक्ष और कर्मचारी मौजूद रहे।


यह मोबाइल मेडिकल यूनिट लातेहार जिले के बारीयातु और बालूमाथ प्रखंड के 23 गांवों में अगले दो वर्षों तक नियमित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगी। इस योजना से करीब 37 हजार ग्रामीण सीधे लाभान्वित होंगे। परियोजना प्रभावित परिवारों के साथ-साथ खनन क्षेत्रों के आसपास बसे ग्रामीणों को भी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।


मोबाइल मेडिकल यूनिट में सामान्य ओपीडी सेवा, निःशुल्क दवा वितरण, मधुमेह जांच, CBC एवं सामान्य रक्त जांच, टीबी जांच के लिए RT-PCR सुविधा, AI आधारित पोर्टेबल एक्स-रे तथा ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग के लिए थर्मल स्कैनर जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। डॉक्टर, नर्स और कम्युनिटी मोबिलाइजर की टीम सप्ताह में छह दिन गांव-गांव जाकर लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगी।


सीसीएल ने इससे पहले आम्रपाली-चन्द्रगुप्त परियोजना क्षेत्र के चतरा और लातेहार जिले के 33 गांवों तथा हजारीबाग क्षेत्र के 20 गांवों में मोबाइल मेडिकल यूनिट सफलतापूर्वक संचालित की है। ग्रामीणों से मिले सकारात्मक सहयोग और बेहतर परिणामों के बाद इस अभियान का विस्तार किया गया है।


सीसीएल ने कहा कि “उपचार आपके द्वार” पहल का उद्देश्य केवल इलाज उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि ग्रामीणों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना, गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान सुनिश्चित करना और “टीबी मुक्त भारत” जैसे राष्ट्रीय अभियानों को मजबूती देना भी है।

Leave a Reply