साईनाथ यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. डॉ. एसपी अग्रवाल को केंद्र सरकार ने कर्नल की मानद उपाधि से किया सम्मानित

Spread the love

रांची: साईनाथ यूनिवर्सिटी, रांची के कुलपति प्रो. डॉ. एसपी अग्रवाल को भारतीय सेना एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) की अनुशंसा पर केंद्र सरकार द्वारा कर्नल (मानद) की उपाधि से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें शिक्षा, राष्ट्र निर्माण, युवा सशक्तिकरण, अनुशासन, नेतृत्व विकास तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट एवं दीर्घकालिक योगदान के लिए प्रदान किया गया।


सम्मान समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया, जिसमें भारतीय सेना, एनसीसी, शिक्षा जगत एवं विभिन्न क्षेत्रों के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेजर जनरल रविंदर सिंह, एडीजी, एनसीसी (बिहार एवं झारखंड) थे।


समारोह के दौरान ब्रिगेडियर विवेक सिंह ठाकुर सहित सेना एवं एनसीसी के वरिष्ठ अधिकारियों ने कुलपति प्रो. डॉ. एसपी अग्रवाल को अशोक चक्र, स्टार बैज, मानद रैंक एवं राजपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स एवं अन्य अतिथि भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


मुख्य अतिथि मेजर जनरल रविंदर सिंह ने प्रो. अग्रवाल के नेतृत्व, शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान और युवाओं के चरित्र निर्माण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि साईनाथ यूनिवर्सिटी विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के विकास की दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रही है।


यह सम्मान साईनाथ यूनिवर्सिटी के लिए भी गर्व का विषय है और शिक्षा के क्षेत्र में संस्थान की बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाता है।

Leave a Reply