
झारखंड के कल्याण मंत्री श्री चमरा लिंडा ने सोमवार को छात्रवृत्ति योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में छात्रों को छात्रवृत्ति प्राप्त करने में देरी नहीं होनी चाहिए।
समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने बोकारो, चतरा और गिरिडीह जिलों में छात्रवृत्ति वितरण की धीमी गति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने संबंधित जिला कल्याण पदाधिकारियों से कारण बताओ का निर्देश दिया और कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
श्री लिंडा ने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र समाप्त होने से पहले सभी पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी उपायुक्तों को जिला स्तरीय समिति की बैठक शीघ्र आयोजित करने और लंबित आवेदनों पर स्वीकृति प्रदान करने का सख्त निर्देश दिया।
कल्याण मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी योग्य छात्र छात्रवृत्ति से वंचित न रहे।