
रांची। खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन संशोधन अधिनियम 2026 के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से शनिवार को राज्य के सभी प्रखंडों में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इसी क्रम में रांची जिले के विभिन्न प्रखंडों में भी झामुमो कार्यकर्ताओं ने धरना देकर संशोधन अधिनियम का विरोध जताया।

धरना कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के इस संशोधन को लेकर अपनी आपत्तियां रखीं और इसे वापस लेने की मांग की।

इसी क्रम में झामुमो के नेताओं ने नामकुम, अनगड़ा और ओरमांझी प्रखंड में आयोजित धरना कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में केंद्रीय सदस्य एवं जिला-महानगर संयोजक अश्विनी शर्मा, साहिल यादव, गोपाल पाण्डेय, राहुल शर्मा सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
धरना कार्यक्रम के अंत में संबंधित सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDO) को महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन संशोधन अधिनियम 2026 को लेकर पार्टी की आपत्तियों से अवगत कराया गया और आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई।

झामुमो नेताओं ने कहा कि खनिज संसाधनों से जुड़े इस संशोधन के प्रभाव को लेकर पार्टी लगातार अपनी आवाज उठाती रहेगी और इसके विरोध में आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।


