चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति की नई कमेटी का गठन, रमेश सिंह फिर बने अध्यक्ष

Spread the love

रांची। सर्जना चौक स्थित राम मंदिर पूजा प्रांगण में चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2025 की कमेटी को भंग करते हुए वर्ष 2026 के लिए नई कमेटी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। बैठक में समिति के संस्थापक सदस्यों समेत वर्तमान पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।


नई कमेटी में प्रदेश कार्य समिति सदस्य एवं समाजसेवी रमेश सिंह को एक बार फिर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं संस्थापक सदस्य रामानंद ठाकुर को महासचिव चुना गया। इसके अलावा मुख्य संरक्षक, संरक्षक, कार्यकारी अध्यक्ष, वरीय उपाध्यक्ष, कार्यकारी सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष, सह कोषाध्यक्ष, पूजा प्रभारी, पंडाल प्रभारी, मीडिया प्रभारी समेत विभिन्न पदों पर सदस्यों की घोषणा की गई।


नई कमेटी की घोषणा के बाद समिति के अध्यक्ष रमेश सिंह का उपस्थित पदाधिकारियों और सदस्यों ने माला पहनाकर एवं माता की चुनरी ओढ़ाकर स्वागत किया। इस दौरान अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों का भी अभिनंदन किया गया।
बैठक के बाद पूजा पंडाल परिसर में संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दौरान समिति के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का भी लॉन्च किया गया। समिति के अध्यक्ष रमेश सिंह और अन्य पदाधिकारियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को लॉन्च किया।


समिति के अनुसार, चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति वर्ष 1971 से आकस्मिक परिस्थितियों को छोड़कर लगातार दुर्गा पूजा का आयोजन करती आ रही है। इसके अलावा समिति की ओर से सरहुल और रामनवमी जैसे अवसरों पर सेवा शिविर तथा समय-समय पर धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते रहे हैं।


लॉन्च किए गए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से समिति की स्थापना वर्ष 1971 से लेकर वर्तमान समय तक की गतिविधियों और आगामी दुर्गा पूजा से जुड़ी जानकारियां लोगों तक पहुंचाई जाएंगी।

इस वर्ष पूजा पंडाल में लाइटिंग के साथ 3D एनीमेशन को विशेष आकर्षण के रूप में शामिल किया जाएगा। समिति के मुताबिक, यह व्यवस्था पूजा पंडाल में आने वाले श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों को आकर्षित करेगी।

Leave a Reply