छात्रों के नाम पर राजनीतिक नौटंकी कर रही भाजपा: विनोद पांडेय

Spread the love

रांची: झामुमो महासचिव विनोद पांडेय ने भाजपा के 48 घंटे के अल्टीमेटम और चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा पर कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने भाजपा पर छात्रों के नाम पर राजनीति करने और युवाओं के आक्रोश का राजनीतिक स्वार्थ के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।


विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा को पहले अपने शासनकाल का हिसाब देना चाहिए। केंद्र और झारखंड में लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद युवाओं के लिए कितने रोजगार के अवसर पैदा किए गए, इसका जवाब भाजपा को देना चाहिए। उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्रों के मुद्दे पर घड़ियाली आंसू बहाने से भाजपा की असलियत नहीं छिपेगी।


उन्होंने छात्रों पर दर्ज मुकदमों को लेकर भाजपा नेताओं के बयानों पर भी सवाल उठाया। विनोद पांडेय ने कहा कि यदि मुकदमे फर्जी हैं तो भाजपा को इसके तथ्य और प्रमाण सार्वजनिक करने चाहिए। कानून तोड़ने वालों को राजनीतिक संरक्षण देने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

झामुमो महासचिव ने भाजपा के 48 घंटे के अल्टीमेटम को उसकी हताशा और राजनीतिक अहंकार का परिचायक बताया। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार भाजपा के अल्टीमेटम से नहीं चलती। धमकी और दबाव की राजनीति से सरकार को झुकाने की कोशिश भाजपा की बड़ी भूल है।
‘नौकरी बेचने’ के भाजपा के आरोप पर विनोद पांडेय ने कहा कि यदि भाजपा के पास कोई प्रमाण है तो उसे सामने लाना चाहिए। बिना प्रमाण के आरोप लगाकर जनता को गुमराह करना बंद करना चाहिए।


मुख्य सचिव से इंडिया गठबंधन के नेताओं की मुलाकात पर भाजपा की टिप्पणी को लेकर भी उन्होंने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव से मिलने पर भाजपा को परेशानी इसलिए हो रही है, क्योंकि उसे हर राजनीतिक गतिविधि में अपना राजनीतिक संकट दिखाई देता है। मुख्यमंत्री पर भरोसा नहीं होने की भाजपा की बात को उन्होंने हास्यास्पद बताया।


विनोद पांडेय ने आरोप लगाया कि भाजपा छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर अपनी राजनीति चमकाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवा भाजपा की इस राजनीति को समझ रहे हैं। भाजपा चाहे जितने अल्टीमेटम दे या प्रदर्शन करे, सरकार को धमकी देकर राजनीतिक दबाव में लेने का उसका मंसूबा पूरा नहीं होगा।

Leave a Reply