जेसीआई एक्सपो उत्सव 2026 में संडे बना फंडे, 400 स्टॉल्स और रंगारंग कार्यक्रम बने आकर्षण

Spread the love

रांची: राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित जेसीआई के भव्य व्यापारिक मेले ‘एक्सपो उत्सव 2026’ में रविवार का दिन खास रहा। मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और खरीदारी के साथ-साथ मनोरंजन का भी आनंद लिया। 7 अक्टूबर तक चलने वाले इस सात दिवसीय मेले में देश के विभिन्न शहरों से आए व्यवसायियों के करीब 400 वातानुकूलित स्टॉल लगाए गए हैं। इस वर्ष एक्सपो उत्सव अपनी 29वीं वर्षगांठ मना रहा है।

एक्सपो के चीफ कोऑर्डिनेटर जेसी एचजीएफ सीए प्रशांत पाटोदिया ने बताया कि मेले में बड़े ब्रांड्स, स्टार्टअप, ऑटोमोबाइल, ड्राई फ्रूट्स सहित कई तरह के उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं। महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष पिंक हैंगर बनाया गया है, जहां केवल महिला उद्यमियों को स्टॉल आवंटित किए गए हैं। वहीं, बच्चों के मनोरंजन के लिए एम्यूजमेंट पार्क में तरह-तरह के झूलों की व्यवस्था की गई है।

रविवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल, जमशेदपुर रॉयल्स शाखा से टीके अग्रवाल और सीए विवेक अग्रवाल ने एक्सपो उत्सव का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने जेसीआई के युवा सदस्यों के प्रयासों की सराहना की और कहा कि इतने बड़े आयोजन को सफल बनाने के लिए कड़ी मेहनत, बेहतर प्रबंधन और समर्पण की जरूरत होती है। उन्होंने सभी सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अतिथियों को दुपट्टा और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

एक्सपो उत्सव के दौरान जेसीआई की ओर से सेवा प्रकल्प के तहत निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 100 से अधिक लोगों ने अपनी आंखों की निशुल्क जांच कराई। इस पहल के जरिए संस्था ने मनोरंजन और व्यापार के साथ-साथ सामाजिक सेवा का भी संदेश दिया।

4 अक्टूबर को एक्सपो परिसर में एक्सपो टैंक और डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। एक्सपो टैंक में कुल 13 टीमों के 26 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में जेसी जय प्रकाश सिंघानिया, व्यवसायी अवध पोद्दार, अभिनव शाह और मोना मेहता शामिल रहे।

इसके बाद आयोजित डांस प्रतियोगिता में 75 बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के निर्णायक दीपक सिंह और आकांक्षा सिंह थे। दोनों प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

एक्सपो उत्सव के तहत 5 अक्टूबर को योगा प्रतियोगिता और बुटिक्स एक्सपो फैशन शो का आयोजन किया जाएगा। फैशन शो में रांची के प्रतिष्ठित डिजाइनर अपने आकर्षक परिधानों का प्रदर्शन करेंगे। वहीं, 6 अक्टूबर को भजन जैमिंग कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें बाहर से आए कलाकार मधुर भजनों की प्रस्तुति देंगे।

इस बार एक्सपो में डिजिटल सुविधा पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। आगंतुक क्यूआर कोड के माध्यम से विभिन्न कार्यक्रमों के लिए पंजीकरण करने के साथ ही प्रवेश टिकट भी बुक कर सकते हैं।

एक्सपो उत्सव 2026 के प्रिंसिपल स्पॉन्सर पंचरत्न स्काईलाइन हैं, जबकि टैंगो, अल्पाइन और गृहस्थी पावर्ड पार्टनर हैं। इसके अलावा होटल चाणक्य, मोशन, बुद्धा टोयोटा, श्री अलंकार, श्नाइडर इलेक्ट्रिक, प्रभुजी, वॉव डिटेलिंग, बागला, बलीफिया, एनटीपीसी, आराध्या, अपना मार्ट, मी एंड मॉम्स, एटीसी, कैफीनेटर्स और रेडियो धूम सहित कई प्रतिष्ठित ब्रांड्स आयोजन में सहयोग कर रहे हैं।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में जेसीआई के अध्यक्ष जेसी अभिषेक जैन, सचिव जेसी साकेत अग्रवाल, एक्सपो कोऑर्डिनेटर्स, विभिन्न पदाधिकारियों और संस्था के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसकी जानकारी एक्सपो के मीडिया प्रभारी जेसी वरुण जालान ने साझा की।

एक्सपो उत्सव 2026 रांची के लोगों के लिए खरीदारी, मनोरंजन, कारोबार और सांस्कृतिक गतिविधियों का एक बड़ा मंच बनकर उभरा है। 7 अक्टूबर तक चलने वाले इस मेले में आने वाले दिनों में भी कई आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply