पूर्व मंत्री विमला प्रधान को CM हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि, कहा- अपूरणीय क्षति

Spread the love

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को लोअर करमटोली, रोड नंबर-2 स्थित पूर्व मंत्री दिवंगत विमला प्रधान के आवास पहुंचकर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर नमन किया और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।


मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मरांग बुरु से प्रार्थना करते हुए दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा परिजनों, समर्थकों और प्रशंसकों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की पूर्व मंत्री विमला प्रधान के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। सार्वजनिक जीवन में उनका योगदान और जनता के प्रति उनका समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने सिमडेगा सहित पूरे झारखंड के विकास के लिए लंबे समय तक सक्रिय भूमिका निभाई।


मुख्यमंत्री ने कहा कि विमला प्रधान का इस तरह चले जाना झारखंड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय विमला प्रधान समाज के हर वर्ग और समुदाय के कल्याण के लिए हमेशा तत्पर रहने वाली सजग और कर्मठ राजनेता थीं।

गौरतलब है कि पूर्व मंत्री विमला प्रधान पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं और रांची के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान शुक्रवार रात उनका निधन हो गया।

Leave a Reply