
रांची: जेएससीए स्टेडियम, रांची में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच अंतर्राष्ट्रीय T20 मुकाबला खेला जाएगा। मैच को लेकर रांची ट्रैफिक पुलिस ने शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। मैच के दिन सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी और जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा।
भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक
9 अक्टूबर को सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों के रांची शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी। ऐसे वाहनों को रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक जाने की सलाह दी गई है।
शालीमार चौक से जेएससीए स्टेडियम के नॉर्थ गेट तक सामान्य वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। इस मार्ग पर केवल एंबुलेंस और मेडिकल सेवा से जुड़े वाहनों को जाने की अनुमति होगी।
मैच के दौरान सुजाता चौक, बिग बाजार कटिंग, राजेंद्र चौक, मेकॉन चौक, एजी मोड़, पीएस मोड़, आईलेक्स कटिंग, हिनू चौक, बिरसा चौक, एचईसी गेट, पुराना विधानसभा, धुर्वा गोलचक्कर, शहीद चौक, देवेंद्र मांझी चौक, कडरू ब्रिज, कडरू कटिंग और अरगोड़ा चौक समेत कई स्थानों पर छोटे-बड़े मालवाहक वाहन, ऑटो, टोटो और सवारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
टिकट के गेट के हिसाब से पार्किंग की व्यवस्था
साउथ और साउथ ईस्ट गेट: इन गेटों के टिकट वाले दर्शकों को प्रभात तारा मैदान में वाहन पार्क करने की सलाह दी गई है। पार्किंग भरने पर डीएवी स्कूल, जवाहर स्टेडियम और सेंट थॉमस स्कूल की पार्किंग का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
वेस्ट गेट: वेस्ट गेट के टिकट वाले दर्शक रुखसा मैदान में वाहन पार्क कर सकेंगे। जगह भरने की स्थिति में सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल की पार्किंग का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
नया सराय और रिंग रोड की ओर से आने वाले दर्शक: हाई कोर्ट के सामने स्थित हैलीपैड मैदान में वाहन पार्क करने की व्यवस्था की गई है। वहां से दर्शकों को पैदल तिरिल मोड़ और जेएससीए नॉर्थ गेट होते हुए स्टेडियम पहुंचना होगा।
VIP/VVIP पास: वीआईपी और वीवीआईपी पास वाले वाहन शालीमार बाजार, प्रभात तारा मैदान और पारस अस्पताल मार्ग से नॉर्थ गेट की वीआईपी पार्किंग तक जा सकेंगे।

इन जगहों पर भी पार्किंग की सुविधा
सखुआ बागान, धुर्वा गोलचक्कर मैदान, डीएवी स्कूल मैदान, जवाहर लाल स्टेडियम, मिया मार्केट तीन मुहाना, सेंट थॉमस स्कूल, प्रभात तारा मैदान, शहीद मैदान और हैलीपैड मैदान में भी पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
मैच खत्म होने के बाद इन इलाकों में बढ़ सकता है ट्रैफिक
मैच समाप्त होने के बाद शालीमार बाजार, मौसीबाड़ी गोलचक्कर, एचईसी गेट, बिरसा चौक, हिनू चौक, राजेंद्र चौक, बिग बाजार और सुजाता चौक की ओर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है।
ट्रैफिक पुलिस ने रातू, मांडर, चान्हो, नगड़ी, ईटकी, बेड़ो, कांके, पिठौरिया, ओरमांझी, नामकुम, टाटीसिलवे, सिल्ली और मुरी की ओर जाने वाले लोगों को नयासराय और रिंग रोड के रास्ते जाने की सलाह दी है।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मैच के दिन यदि जरूरी काम न हो तो संबंधित रूट वाले इलाकों में चार पहिया वाहन लेकर जाने से बचें। पुलिस ने लोगों से ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।