रांची में 16 वर्षीय छात्रा से छेड़खानी, जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश; आरोपी पुलिस के हवाले

Spread the love

रांची: राजधानी रांची में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। लालपुर थाना क्षेत्र के जेल मोड़ के पास बाइक सवार एक युवक पर 16 वर्षीय छात्रा के साथ छेड़खानी करने और उसे जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश करने का आरोप लगा है। छात्रा के शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, 12वीं की तैयारी कर रही छात्रा सोमवार सुबह करीब 8 बजे घर से कोचिंग जाने के लिए निकली थी। वह जेल मोड़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान करमटोली चौक के पास एक बाइक सवार युवक कथित तौर पर उसका पीछा करने लगा। छात्रा ने युवक को नजरअंदाज किया, लेकिन आरोप है कि युवक उसका पीछा करता रहा।



सुबह करीब 8:15 बजे जेल मोड़ के पास युवक ने छात्रा को रोक लिया। आरोप है कि उसने छात्रा का हाथ पकड़कर जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश की। छात्रा ने इसका विरोध किया तो युवक ने उसके बाल पकड़कर खींचे। इसके बाद छात्रा ने शोर मचाना शुरू कर दिया।

शोर सुनकर जुटे लोग, आरोपी को पकड़ा

छात्रा की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना में इस्तेमाल की गई बाइक का नंबर बीआर03 एके 8943 बताया गया है।

आरोपी की पहचान बिहार के भोजपुर निवासी गोलू कुमार के रूप में हुई है। छात्रा की लिखित शिकायत के आधार पर लालपुर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

छात्राओं की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

राजधानी रांची में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। खासकर कोचिंग जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

हालांकि, मामले में पुलिस की जांच जारी है और आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply