रांची में निगम की 19.3 डिसमिल जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम, विरोध के बाद कार्रवाई स्थगित

Spread the love

रांची। रांची नगर निगम की ओर से सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण और अवैध कब्जे से मुक्त कराने की कार्रवाई लगातार की जा रही है। इसी क्रम में 19 सितंबर 2026 को वार्ड संख्या-16 के पथलकुदवा रोड स्थित गुदरी चौक के समीप निगम की करीब 19.3 डिसमिल भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने की कार्रवाई शुरू की गई।


नगर निगम के अनुसार, उक्त जमीन पर पूर्व में अवैध रूप से बूचड़खाने का संचालन किया जा रहा था। निगम की कार्रवाई के बाद इस भूमि को कब्जामुक्त कराया गया था।
नगर निगम ने बताया कि इस जमीन का उपयोग सामुदायिक भवन और अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर (हेल्थ सेंटर) के निर्माण के लिए प्रस्तावित है। इन सुविधाओं के विकसित होने से स्थानीय लोगों को सामुदायिक आयोजनों के लिए आधारभूत सुविधा के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं भी स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।


नगर निगम के मुताबिक, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने सरकारी कार्रवाई का विरोध किया और कार्य में व्यवधान डालने का प्रयास किया। निगम का कहना है कि निजी हित और कथित अवैध वसूली से जुड़े स्वार्थों के कारण स्थानीय लोगों को भ्रमित किया गया।


मौके पर कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के उद्देश्य से अतिक्रमणमुक्ति की कार्रवाई को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया। निगम ने कहा है कि स्थिति सामान्य होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रांची नगर निगम ने स्पष्ट किया कि उक्त जमीन निगम की सार्वजनिक संपत्ति है और इसका इस्तेमाल निजी या व्यावसायिक गतिविधियों के लिए नहीं किया जा सकता। निगम के अनुसार, भूमि को जनहित में नागरिक सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं के लिए विकसित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

नगर निगम ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह पर विश्वास न करें और प्रस्तावित जनहित के विकास कार्यों में सहयोग करें।

Leave a Reply