
रांची। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के अवसर पर हटिया जन्माष्टमी पूजा समिति की ओर से भव्य दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ हिस्सा लिया।
समिति के मुख्य संरक्षक नंदन यादव की पहल और मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में बजरंग दल मालती मंदार टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। टीम ने करीब 22 फीट की ऊंचाई पर लगी मटकी को महज 1 मिनट 2 सेकंड में फोड़ दिया।

टीम के इस शानदार प्रदर्शन के बाद आयोजन स्थल तालियों और जयकारों से गूंज उठा। प्रतियोगिता के दौरान पूरे परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में हटिया जन्माष्टमी पूजा समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, सचिव चंदन यादव सहित सनी यादव, अभिजीत हलदार और भूपेन्द्र कुमार आईआईएम समेत समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समिति की ओर से प्रतियोगिता में शामिल सभी टीमों और कार्यक्रम में सहयोग करने वाले लोगों का आभार व्यक्त किया गया। समिति ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारा, एकता और सद्भाव को मजबूत करने का काम करते हैं। भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।