सोनू भैया अमर रहें: सहायक अध्यापक संघ ने सुदिव्य कुमार सोनू को दी श्रद्धांजलि

Spread the love

साहिबगंज। झारखंड के नगर विकास एवं उच्च शिक्षा मंत्री रहे स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन पर झारखंड राज्य प्रशिक्षित सहायक अध्यापक संघ की राज्य एवं जिला कमेटी, साहिबगंज की ओर से संयुक्त रूप से प्राथमिक विद्यालय चैती दुर्गा में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान संघ के पदाधिकारियों एवं सहायक अध्यापकों ने स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा।
सहायक अध्यापकों के हित में सुदिव्य कुमार सोनू के योगदान को किया याद


श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए संघ के प्रदेश महासचिव विकास कुमार चौधरी ने कहा कि स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू ने पारा शिक्षकों की सेवा शर्त नियमावली तैयार कराने से लेकर उसे कैबिनेट से पारित करवाने तक अहम भूमिका निभाई थी। इसके अलावा सहायक अध्यापकों को सामान्य भविष्य निधि (GPF) का लाभ दिलाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।


उन्होंने बताया कि गत 29 अप्रैल को झारखंड सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा और नगर विकास मंत्री स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी तथा विभागीय सचिव उमाशंकर सिंह के बीच वार्ता हुई थी। वार्ता के बाद आमरण अनशन समाप्त कराया गया था और सहायक अध्यापकों की समस्याओं को लेकर जल्द अगली बैठक कराने का आश्वासन दिया गया था।


विकास कुमार चौधरी ने कहा कि 3 सितंबर 2026 को भी उनकी स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू से दूरभाष पर बातचीत हुई थी। उस दौरान सोनू ने कहा था कि वे फिलहाल झारखंड से बाहर हैं और बहुत जल्द सहायक अध्यापकों की समस्याओं को लेकर बैठक कराई जाएगी।


चौधरी ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू द्वारा दिया गया प्यार और स्नेह हमेशा उनके दिल में आशीर्वाद बनकर रहेगा।
संगठन और सरकार के बीच प्रभावशाली कड़ी थे सुदिव्य सोनू


जिला अध्यक्ष अशोक कुमार साह और जिला सचिव चंदन सिंह ने कहा कि स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन से झारखंड के राजनीतिक जगत में एक बड़ा शून्य पैदा हुआ है। इसके साथ ही सहायक अध्यापकों, संगठन और सरकार के बीच वार्ता कराने वाले एक प्रभावशाली व्यक्तित्व की भी कमी हुई है।

उन्होंने कहा कि सहायक अध्यापकों के हितों से जुड़े कई मुद्दों को लेकर सुदिव्य कुमार सोनू की भूमिका महत्वपूर्ण रही थी। उनके निधन से संगठन को गहरा आघात पहुंचा है।
कई सहायक अध्यापक रहे मौजूद


श्रद्धांजलि सभा में विद्यालय के प्रधानाध्यापक नंदकिशोर पंडित, साहिबगंज प्रखंड अध्यक्ष जितेंद्र हरि, रविंद्र कुमार, धर्मराज मंडल, सुभाष पासवान, मोहम्मद फसाहत अंसारी, सपना सोरेन, अजय कुमार सिंह, उपेंद्र मंडल, इस्लाम परवेज, शंभू कुमार सिंह, मोहम्मद इकरामुल, तारीक अजीज समेत कई सहायक अध्यापक मौजूद रहे।


सभा के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया और “सोनू भैया अमर रहें” के नारे के साथ उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

Leave a Reply