करम पूजा पर केंद्रीय सरना समिति की पहल, कांके के कई गांवों में बांटी गई खाद्य सामग्री

Spread the love

रांची। करम पूजा के अवसर पर केंद्रीय सरना समिति की ओर से कांके प्रखंड के विभिन्न गांवों में खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। बुधवार, 23 सितंबर 2026 को केंद्रीय सरना समिति के संरक्षक भुवनेश्वर लोहरा एवं रांची जिला सरना समिति के अध्यक्ष अमर तिर्की के नेतृत्व में बोडेया, अरसंडे, रेंडो, पतरातू, संग्रामपुर, लेम सहित कई गांवों में चना, गुड़, चिवड़ा, चावल सहित अन्य सामग्री का वितरण किया गया।


इस मौके पर केंद्रीय सरना समिति के संरक्षक भुवनेश्वर लोहरा ने कहा कि करम पूजा पूरे क्षेत्र में शांतिपूर्ण और धूमधाम से मनाई गई। उन्होंने बताया कि करम पूजा के दूसरे दिन ग्रामीण अखाड़ों में एकत्र होकर सामूहिक रूप से प्रसाद और भोजन की व्यवस्था करते हैं। ग्रामीणों के बीच आपसी सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से रांची जिला प्रशासन के सहयोग से केंद्रीय सरना समिति द्वारा खाद्य सामग्री का वितरण किया गया।


वहीं, रांची जिला सरना समिति के अध्यक्ष अमर तिर्की ने कहा कि करम त्योहार लोगों ने शांतिपूर्ण और भाईचारगी के माहौल में मनाया। उन्होंने कहा कि करम पर्व के अवसर पर ग्रामीण एक साथ मिलकर खान-पान, नृत्य और संगीत का आनंद लेते हैं। इसके बाद करम डाल का विधिवत विसर्जन किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर ईंद जतरा का भी आयोजन होगा।

समिति के प्रतिनिधियों ने कहा कि पर्व-त्योहार आदिवासी समाज को एकजुट करने और आपसी तालमेल एवं भाईचारे को मजबूत करने का माध्यम हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक ढोल-नगाड़ों की धुन पर लोग नाचते-गाते हुए त्योहार मनाते हैं और एक-दूसरे से मिलकर सामाजिक एकता का संदेश देते हैं।

Leave a Reply