
रांची: जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित, सुरक्षित और सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने में उत्कृष्ट योगदान देने वाली झारखंड की 8 जल सहियाओं को विशेष सम्मान दिया गया। नेपाल हाउस में आयोजित कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव अबु इमरान ने जल सहियाओं को प्रशस्ति-पत्र, स्मृति चिन्ह और अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया।
सम्मानित होने वाली जल सहियाओं में बोकारो जिले की 5 और रांची जिले की 3 जल सहिया शामिल हैं। इन जल सहियाओं ने अपने-अपने गांव और पंचायतों में जल एवं स्वच्छता समिति के साथ समन्वय कर जलापूर्ति योजनाओं के संचालन और रख-रखाव को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जल सहियाओं ने ग्रामीणों को जल संरक्षण, सुरक्षित पेयजल, पानी के विवेकपूर्ण उपयोग और जलापूर्ति व्यवस्था में आने वाली समस्याओं की जानकारी देने के प्रति जागरूक किया। इसके साथ ही ग्रामीण परिवारों को मासिक जल शुल्क के महत्व के बारे में भी बताया जा रहा है।

पानी के शुल्क से जुटाई गई राशि का उपयोग प्लंबर और पंप ऑपरेटरों के मानदेय, आवश्यक मरम्मत तथा जलापूर्ति योजनाओं के संचालन और रख-रखाव में किया जाता है। इससे गांवों में जलापूर्ति व्यवस्था को लंबे समय तक सुचारू बनाए रखने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान जल सहियाओं ने अपने अनुभव भी साझा किए। सचिव अबु इमरान ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए राज्य की अन्य जल सहियाओं को भी इसी तरह बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
सरकार का उद्देश्य जल जीवन मिशन के माध्यम से केवल घरों तक नल का पानी पहुंचाना नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवारों को नियमित, पर्याप्त, सुरक्षित और दीर्घकालिक जल सेवा उपलब्ध कराना है।