निरल पुर्ती को मिलेगा वर्ष 2026 का उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार, चयन समिति की बैठक में लगी मुहर

Spread the love

रांची: झारखंड विधानसभा के मझगांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक निरल पुर्ती को वर्ष 2026 के लिए प्रतिष्ठित ‘भगवान बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा। शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष रवीन्द्रनाथ महतो की अध्यक्षता में आयोजित उत्कृष्ट विधायक चयन समिति की बैठक में सर्वसम्मति से उनके नाम का चयन किया गया।

यह बैठक रांची स्थित विधानसभा अध्यक्ष के आवासीय कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में वर्ष 2026 के उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार के लिए निरल पुर्ती के नाम पर सहमति बनी।

वहीं, झारखंड विधानसभा के छह कर्मियों का चयन ‘स्वर्गीय कपिलेश्वर प्रसाद पुरस्कार’ के लिए भी किया गया है।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष रवीन्द्रनाथ महतो ने चयनित विधायक और विधानसभा कर्मियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों, जनसेवा, उत्कृष्ट कार्यशैली और कर्तव्यनिष्ठा को सम्मानित करने की यह परंपरा जनप्रतिनिधियों एवं कर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन और अधिक समर्पण तथा निष्ठा के साथ करने के लिए प्रेरित करती है।

निरल पुर्ती का उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार के लिए चयन उनके विधायी कार्यों और जनप्रतिनिधि के रूप में योगदान को सम्मानित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply