रांची में कथित सेक्स रैकेट का खुलासा! 14 लोग हिरासत में, कई होटल और बार में पुलिस की छापेमारी

Spread the love

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में कथित सेक्स रैकेट के संचालन की सूचना पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर शनिवार देर रात शहर के एक दर्जन से अधिक होटल और बार में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने छापेमारी की। इस दौरान कोतवाली थाना क्षेत्र के कचहरी चौक के पास स्थित कोरिंथिया होटल से करीब छह युवतियों और आठ युवकों को हिरासत में लिया गया है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल के मैनेजर और कर्मचारियों से भी पूछताछ की। जांच के दौरान होटल में युवतियों से डांस कराने और उन्हें कमरों तक पहुंचाए जाने की जानकारी सामने आई है। कथित तौर पर इस पूरे मामले में चार हजार से दस हजार रुपये तक के लेन-देन की बात भी सामने आई है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

वहीं, लालपुर थाना क्षेत्र के कई होटल और बार में भी पुलिस की टीम ने छापेमारी की। पुलिस अब हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। साथ ही इस मामले में होटल प्रबंधन और बिचौलियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रांची में कथित सेक्स रैकेट का संचालन कौन कर रहा था और इसके पीछे किन लोगों का हाथ है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply