वियतनाम में मृत राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर रांची लाया गया, परिजनों को मिलेगी 5 लाख रुपये की सहायता

Spread the love

रांची: वियतनाम में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले रांची निवासी राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर शनिवार को भारत वापस लाया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर राज्य सरकार ने विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास के साथ समन्वय स्थापित कर पार्थिव शरीर को रांची स्थित उनके पैतृक आवास तक पहुंचाने की व्यवस्था की। वहीं, मृतक के आश्रितों को मुख्यमंत्री झारखंड अंतरराष्ट्रीय प्रवासी श्रमिक अनुदान योजना के तहत 5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी।

राजा कुमार वर्मा रांची के कैलाश नगर के निवासी थे और वियतनाम में योग प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत थे। इसी दौरान वियतनाम में हुई एक सड़क दुर्घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद परिजनों ने राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष से संपर्क कर उनके पार्थिव शरीर को भारत वापस लाने की गुहार लगाई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने भारत सरकार के विदेश मंत्रालय, हनोई स्थित भारतीय दूतावास और वियतनाम के संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय स्थापित किया। आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर हनोई से कोलकाता हवाई अड्डे लाया गया।

कोलकाता हवाई अड्डे पर आवश्यक दस्तावेजी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर को रांची स्थित उनके पैतृक आवास तक पहुंचाने के लिए रांची जिला प्रशासन की ओर से नि:शुल्क एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई।

इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री के निर्देश पर श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग द्वारा मृतक के आश्रित को मुख्यमंत्री झारखंड अंतरराष्ट्रीय प्रवासी श्रमिक अनुदान योजना के अंतर्गत 5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।



राज्य सरकार की इस पहल से विदेश में काम करने वाले प्रवासी श्रमिकों और उनके परिजनों को आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासनिक समन्वय की भूमिका सामने आई है।

Leave a Reply