श्राद्धकर्म के बीच भी जनसेवा में जुटे मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, नेमरा में सुनीं आमलोगों की समस्याएं

Spread the love

नेमरा (रामगढ़), 13 अक्टूबर 2026। झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन अपनी पूजनीय माता स्वर्गीय रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म के बीच भी जनसेवा से जुड़े हुए हैं। अपने पैतृक गांव नेमरा में पारिवारिक एवं पारंपरिक अनुष्ठानों के साथ-साथ मुख्यमंत्री आमलोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे रहे हैं।

नेमरा में मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे बड़ी संख्या में लोग

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से मुलाकात करने और अपनी व्यक्तिगत एवं क्षेत्रीय समस्याओं को रखने के लिए मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग नेमरा पहुंचे। लोगों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं और संबंधित विषयों पर लिखित आवेदन भी सौंपे। मुख्यमंत्री ने सभी की बातें गंभीरतापूर्वक सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

गिरिडीह जिले के केश्वरी गांव निवासी माधो पासवान अपनी दृष्टिबाधित पुत्री कालो कुमारी के साथ मुख्यमंत्री से मिले। उन्होंने अपनी भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग रखी। वहीं, रांची जिले के सिल्ली स्थित हाकेदाग निवासी विश्राम बेदिया ने अपनी बीमार पत्नी एतवारी देवी के समुचित इलाज की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया।

रामगढ़ जिले के हेठबरगा निवासी राज बेदिया ने रोजगार उपलब्ध कराने और दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने से संबंधित समस्या मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। वहीं, सॉंकी गांव के एक युवक ने अपने भाई अनू कुमार बेदिया की मृत्यु के बाद मुआवजा भुगतान का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को इन मामलों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

स्वर्गीय रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे लोग

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन की पूजनीय माता एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय शिबू सोरेन की धर्मपत्नी स्वर्गीय रूपी सोरेन के निधन से नेमरा गांव में शोक और संवेदना का माहौल है। दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से लोग पहुंच रहे हैं।

आगंतुक स्वर्गीय रूपी सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। साथ ही मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कल्पना सोरेन से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं। मुख्यमंत्री सभी लोगों से आत्मीयता के साथ मिल रहे हैं।

अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने मंगलवार को नेमरा स्थित अपने पैतृक आवास पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर स्वर्गीय रूपी सोरेन के दशकर्म एवं संस्कार भोज कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए व्यापक एवं व्यवस्थित तैयारियां सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने आगंतुकों की सुरक्षा, वाहनों की पार्किंग, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

गोला चौक पर सर्किल बनाने का निर्देश

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने रामगढ़ जिले के गोला चौक पर छोटे गोलंबर की तरह सर्किल बनाने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य चारों दिशाओं से आने वाले वाहनों की आवाजाही को सुगम बनाना, यातायात व्यवस्था को बेहतर करना और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्राद्धकर्म एवं संस्कार भोज कार्यक्रम के दौरान व्यवस्थाएं सुचारू रहें और आमलोगों की सुविधा, सुरक्षा तथा समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाए।

Leave a Reply