
राँची के हटिया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला महतो बगीचा, रामचंद्रनगर, लालगुटवा क्षेत्र के स्थानीय निवासियों ने आज सड़क की जर्जर एवं बदहाल स्थिति के विरोध में अनोखा सांकेतिक प्रदर्शन किया।

वर्षों से सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों और जलजमाव की समस्या से परेशान ग्रामीणों एवं स्थानीय नागरिकों ने सड़क के गड्ढों में मछली छोड़कर “मछली पालन” का प्रतीकात्मक कार्यक्रम आयोजित किया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों का ध्यान कई बार इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत या निर्माण के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई। बरसात के दिनों में सड़क तालाब का रूप ले लेती है, जिससे आम लोगों, विद्यार्थियों, महिलाओं और बुजुर्गों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब सड़क गड्ढों और पानी से भरी हुई है, तो ऐसे में इसका उपयोग सड़क से अधिक मछली पालन के लिए उपयुक्त प्रतीत होता है।

इसी संदेश को प्रशासन और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने के लिए यह सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया गया।स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से अविलंब सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी व्यापक जनआंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।मोहन प्रसाद, दिलीप सिंह, राजेश महतो, सुल्लू राज यादव, संतोष महली, तरुण महली, सुजीत महली, जगदीश उरांव, नीरज सिन्हा, वीरेंद्र लोहरा उर्फ बिट्टू, दीपक सिंह, कृष्णा शर्मा, सुमित सिन्हा, अनुप प्रजापति, बृजेश सिंह, विकास कुमार, श्रीकांत भारती, राजेश वर्मा, कुलदीप वर्मा, महावीर सिंह, ललन जायसवाल, प्रभात ठाकुर, मृत्युंजय त्रिवेदी, सत्यजीत विश्वास, शंभु कुमार, गुड्डू कुमार उर्फ राज राहुल, पवन देवघरिया, संतोष प्रजापति, सुनील पाल, मनोज साहू, रंजीत राणा सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।