
रांची, 18 नवंबर 2026। झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह पखवाड़ा के तहत राज्यभर में विकास, जनकल्याण और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, पर्यावरण संरक्षण, कृषि विकास, स्वच्छता और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।

महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की ओर से आयोजित किशोरी सशक्तीकरण दिवस में राज्यभर के 1,62,837 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान किशोरियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता और बाल विवाह की रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया। सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत पात्र लाभुकों को आवेदन संबंधी सहायता भी उपलब्ध कराई गई।
पंचायतों में चला पौधारोपण अभियान
हरित झारखंड अभियान के तहत रांची जिले की 305 ग्राम पंचायतों समेत लातेहार, हजारीबाग और दुमका में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। पंचायत भवनों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, तालाबों और सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाए गए। पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी स्थानीय समूहों, स्वयं सहायता समूहों और युवाओं को सौंपी गई।

किसानों को बीज वितरण और प्रशिक्षण
कृषि विकास को बढ़ावा देने के लिए लातेहार के सरयू प्रखंड में किसानों के बीच मसूर बीज का वितरण किया गया। साथ ही खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों को मिट्टी जांच, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, संतुलित उर्वरक उपयोग और फसल विविधीकरण की जानकारी दी गई। रांची के सोनाहातू और दुमका में भी किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुए।

स्वयं सहायता समूहों को मिली आर्थिक मदद
महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने के उद्देश्य से रांची में स्वयं सहायता समूहों के बीच मटर बीज, पोषण वाटिका किट और सामुदायिक निवेश निधि का वितरण किया गया। कांके में एक क्लस्टर फेडरेशन को 32 लाख रुपये की सामुदायिक निवेश निधि उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा बकरी टीकाकरण और आधार आधारित ई-केवाईसी अभियान भी चलाया गया।

60 परिवारों को मिला पक्के घर का लाभ
आवास योजनाओं के तहत लातेहार जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास, पीएम जनमन और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के अंतर्गत पूर्ण हुए 60 आवासों में लाभुक परिवारों का गृह प्रवेश कराया गया। रांची और हजारीबाग में भी आवास योजना के लाभार्थियों ने अपने नए घरों में प्रवेश किया।

बिजली, पानी और स्वच्छता से जुड़ी समस्याओं का समाधान
जनसेवा के तहत रांची, दुमका और लातेहार में बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए शिविर लगाए गए। जलसहियाओं ने एफटीके किट के माध्यम से जल स्रोतों की गुणवत्ता की जांच की। वहीं, लातेहार में स्वच्छता अभियान, डिजिटल लेन-देन जागरूकता और श्रमिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।


विद्यार्थियों के बीच प्रतियोगिताओं का आयोजन
स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत विभिन्न जिलों के विद्यालयों में निबंध, चित्रकला, हस्तकला, क्विज और प्रश्नमंच प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को झारखंड के इतिहास, महापुरुषों, आंदोलनकारियों और राज्य की सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया गया।

राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत आयोजित ये कार्यक्रम महिला एवं किशोरी सशक्तीकरण, पर्यावरण संरक्षण, कृषि विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे हैं।


