
रांची: करम पूजा महोत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर मंगलवार, 8 सितंबर 2026 को केंद्रीय सरना समिति के केंद्रीय कार्यालय, 13 RIT बिल्डिंग, कचहरी परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय सरना समिति ने करम पूजा महोत्सव को धूमधाम और शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की जानकारी दी।
समिति ने करम पूजा महोत्सव 2026 के आयोजन की तिथियों की भी घोषणा की है। समिति के अनुसार, 22 सितंबर 2026 को भादो एकादशी, शुक्ल पक्ष के दिन उपवास रखा जाएगा और रात 8 बजे से करम पूजा शुरू होगी। 23 सितंबर को भादो द्वितीया के दिन परना मनाया जाएगा, जबकि 24 सितंबर को भादो तृतीया के दिन करम डाली का विसर्जन किया जाएगा।

केंद्रीय सरना समिति ने सरकार से की ये मांगें
करम पूजा महोत्सव को व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए केंद्रीय सरना समिति ने सरकार और प्रशासन से कई मांगें की हैं।
समिति ने मांग की है कि प्रत्येक अखाड़े में चना, गुड़, चीनी और अरवा चावल की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा अखाड़ों में मुरम/डस्ट (मिट्टी) गिराने, बिजली, पानी और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
समिति ने पूजा के दिन शहर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने और पूर्ण रूप से शराबबंदी लागू करने की भी मांग की है। इसके साथ ही प्रत्येक अखाड़े में ढोल, नगाड़ा और मांदर उपलब्ध कराने की मांग प्रशासन से की गई है।

केंद्रीय सरना समिति ने प्रशासन से अपील की है कि करम पूजा महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और पूजा समितियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। सभी अखाड़ों में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित की जाए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्रीय सरना समिति के फूलचंद तिर्की, अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद के सत्यनारायण लकड़ा, मसना समिति करमटोली के नंदा उरांव, बाना मुंडा, अजय लिंडा, संजय तिर्की, एंजेल लकड़ा, विमल कच्छप, ललित कच्छप, भुवनेश्वर लोहरा, अमर तिर्की, मानसी करमाली, प्रमोद एक्का, सोहन कच्छप और राधा हेंब्रम सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
करम पूजा महोत्सव 2026 की प्रमुख तिथियां
22 सितंबर: उपवास एवं रात 8 बजे से करम पूजा
23 सितंबर: परना
24 सितंबर: करम डाली विसर्जन