देर रात राँची SSP का बड़ा एक्शन, अपराधियों और अड्डेबाजों पर कसा शिकंजा ।

Spread the love

रांची: गणेश पूजा के मद्देनजर राजधानी रांची में सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के नेतृत्व में मंगलवार रात शहर के विभिन्न इलाकों का विशेष क्षेत्र भ्रमण और समीक्षा की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात समेत अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।


क्षेत्र भ्रमण के दौरान गणेश पूजा के लिए बनाए गए विभिन्न पूजा पंडालों और आयोजन स्थलों का निरीक्षण किया गया। पुलिस अधिकारियों ने पंडालों के आसपास भीड़, पार्किंग, आवागमन, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


वहीं, क्राइम ब्लैक स्पॉट और स्नैचिंग की घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील इलाकों का भी निरीक्षण किया गया। सुखदेवनगर, पंडरा, कोतवाली और अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अलावा मुंडला पहाड़ समेत अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्ती और निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की गई।
पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने और जरूरत के अनुसार निरोधात्मक एवं विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।


इसके साथ ही अड्डेबाजी, नशेबाजी और असामाजिक गतिविधियों की आशंका वाले स्थानों पर भी पुलिस ने निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। इसी क्रम में मुंडला पहाड़ क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध शराब बरामद की गई।
अपर बाजार के बड़ा तालाब और आसपास के क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया गया। इन इलाकों में पूर्व में सामने आई चोरी और छिनतई की घटनाओं को देखते हुए पुलिस गश्ती और निगरानी को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं।


🚦 यातायात व्यवस्था पर भी विशेष फोकस
क्षेत्र भ्रमण के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। ऐसे डिवाइडर कटिंग को चिन्हित किया गया, जिनसे जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। इन कटिंग को स्लाइडिंग बैरियर के माध्यम से बंद कराने का निर्णय लिया गया है।


वहीं, सड़क किनारे अनधिकृत रूप से खड़े ऑटो और अन्य वाहनों के कारण यातायात बाधित होने की स्थिति को देखते हुए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। नो-पार्किंग और अनधिकृत पार्किंग वाले स्थानों पर जुर्माना और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गणेश पूजा के दौरान सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। अपराध, स्नैचिंग, अड्डेबाजी, नशेबाजी और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply