
जमशेदपुर: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की माता का निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। जमशेदपुर सहित राज्यभर में उनके समर्थकों और शुभचिंतकों के बीच दुख का माहौल है।
अर्जुन मुंडा ने अपनी माता के निधन की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) के माध्यम से साझा की। उन्होंने एक भावुक संदेश लिखते हुए मां को याद किया।
उन्होंने लिखा, “मां अब इस दुनिया में नहीं रहीं… तुम्हारे जाने से सिर से सिर्फ ममता का साया ही नहीं उठा, बल्कि जिंदगी का वो सबसे मजबूत सहारा भी छिन गया, जिसके रहते हर मुश्किल छोटी और हर दर्द हल्का लगने लगता था।”
अर्जुन मुंडा के इस भावुक संदेश के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उनके प्रति संवेदना व्यक्त की है। वहीं, समर्थक और शुभचिंतक दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज ही उनकी माता का अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन से परिवार और शुभचिंतकों में गहरा शोक है।