झारखंड में SIR को लेकर आदिवासी संगठनों की कल CEO के. रवि कुमार से मुलाकात, ज्ञापन सौंपकर रखेंगे समस्याएं

Spread the love

रांची, 18 सितंबर 2026: झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर आदिवासी समुदायों की समस्याओं के समाधान की मांग तेज हो गई है। आदिवासी लोकतांत्रिक अधिकार मोर्चा के लक्ष्मीनारायण मुंडा के अनुसार, आदिवासी संगठनों के प्रतिनिधिमंडल की 19 सितंबर 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार से मुलाकात निर्धारित है।


प्रतिनिधिमंडल इस दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपेगा और SIR प्रक्रिया के दौरान आदिवासी क्षेत्रों में सामने आ रही समस्याओं पर बातचीत करेगा।
संगठन का कहना है कि 2003 की मतदाता सूची से नाम मैपिंग में तकनीकी दिक्कत, नाम नहीं मिलने, दूर-दराज के गांवों में BLO के पर्याप्त रूप से नहीं पहुंचने और मतदाता सूची में नाम व उम्र-पते से जुड़ी गलतियों जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं।


इसके अलावा संगठन ने दावा किया है कि कुछ जीवित आदिवासियों के नाम मृत बताकर सूची से हटाए गए हैं। विस्थापित परिवारों और विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों यानी PVTG समुदाय के लोगों को नाम जुड़वाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।


आदिवासी संगठन का कहना है कि कई परिवारों के पास आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं। ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम हटने के बाद दावा-आपत्ति की प्रक्रिया को लेकर भी ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता और सुविधा की कमी है।
प्रतिनिधिमंडल इन सभी मुद्दों को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष रखेगा और मांग करेगा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे।

Leave a Reply