नामकुम में स्वच्छता ही सेवा-2026 के तहत श्रमदान, मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने दिया स्वच्छता का संदेश

Spread the love

रांची: स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत गुरुवार को रांची के नामकुम प्रखंड में विशेष स्वच्छता श्रमदान एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने स्वयं श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया और अपने घर, गांव तथा आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील की।

मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली में शामिल करने और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का आह्वान किया। इस दौरान आम नागरिकों के बीच कपड़े के थैलों का वितरण भी किया गया, ताकि एकल उपयोग प्लास्टिक के विकल्प को बढ़ावा मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री योगेंद्र प्रसाद, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर स्वच्छता श्रमदान किया। इसके साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में स्वच्छता शपथ, सेल्फी प्वाइंट और गुब्बारे उड़ाकर जन-जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां भी आयोजित की गईं।

पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव अबु इमरान ने ग्रामीण क्षेत्रों में ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन को प्रभावी बनाने और स्वच्छता अभियान में आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। वहीं, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की मिशन निदेशक रंजीता हेम्ब्रम ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा अभियान को निरंतर जनभागीदारी और व्यवहार परिवर्तन का अभियान बनाने की जरूरत है।

इस कार्यक्रम में संयुक्त सचिव शशिंद्र बड़ाइक, नामकुम के प्रखंड विकास पदाधिकारी, UNICEF के WASH विशेषज्ञ कुमार प्रेमचंद सहित विभागीय पदाधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त वातावरण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया गया।

Leave a Reply