पेयजल एवं स्वच्छता विभाग IIT (ISM) धनबाद, निर्मला कॉलेज और रांची विश्वविद्यालय के साथ करेगा काम

Spread the love

रांची, 18 सितंबर 2026। झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने विभागीय योजनाओं के बेहतर संचालन, रख-रखाव और जल गुणवत्ता में सुधार के लिए शैक्षणिक संस्थानों के साथ सहयोग की पहल की है। इसी सिलसिले में शुक्रवार को नेपाल हाउस स्थित विभागीय कार्यालय में सचिव अबू इमरान की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।


बैठक में IIT (ISM) धनबाद, निर्मला कॉलेज रांची और रांची विश्वविद्यालय के प्रोफेसरों के साथ विभागीय संचालन एवं रख-रखाव (O&M) नीति को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। इन तीनों संस्थानों को विभाग का नॉलेज पार्टनर बनाने की दिशा में सहमति बनी है। विभाग जल्द ही तीनों संस्थानों के साथ MoU (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर करेगा।


तकनीकी समस्याओं पर मिलेगा विशेषज्ञ सहयोग
बैठक में पाइपलाइनों में लीकेज का पता लगाने, जलापूर्ति योजनाओं की डिजाइन और योजनाओं के संचालन एवं रख-रखाव से जुड़ी तकनीकी समस्याओं पर विशेषज्ञ सलाह लेने पर चर्चा हुई। IIT और विश्वविद्यालय के विशेषज्ञ विभाग को इन क्षेत्रों में तकनीकी सहयोग देंगे।


आयरन, फ्लोराइड और TDS पर संयुक्त रिसर्च
झारखंड के कई जिलों में पानी में आयरन, फ्लोराइड और TDS की समस्या को लेकर भी संयुक्त शोध किए जाने की योजना है। इसका उद्देश्य जल गुणवत्ता से जुड़ी समस्याओं को बेहतर तरीके से समझना और उनके समाधान के लिए प्रभावी उपाय विकसित करना है।


धनबाद-झरिया के जल स्रोतों पर भी होगा अध्ययन
खनन क्षेत्रों, विशेषकर धनबाद और झरिया, में पर्यावरणीय क्षरण के कारण जल स्रोतों पर पड़ रहे प्रभाव का भी अध्ययन किया जाएगा। इसके साथ ही जल स्रोतों की दीर्घकालीन स्थिरता और संरक्षण को लेकर कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया।


विभागीय सचिव अबू इमरान ने कहा कि अकादमिक संस्थानों के जुड़ने से योजनाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और लोगों को नियमित रूप से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply