
रांची में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। 9 अक्टूबर 2026 को रांची के जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा टी-20 मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच को लेकर झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) ने आम दर्शकों के लिए टिकट बिक्री की तारीखों का ऐलान कर दिया है।
जेएससीए के अनुसार, दर्शक 5 और 6 अक्टूबर को स्टेडियम के पश्चिमी छोर पर बनाए गए विशेष टिकट काउंटरों से टिकट खरीद सकेंगे। टिकट काउंटर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक खुले रहेंगे। हालांकि, दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक लंच ब्रेक रहेगा।

टिकट बिक्री के दौरान अधिक से अधिक क्रिकेट प्रेमियों को मैच देखने का मौका देने के लिए एक व्यक्ति अधिकतम दो टिकट ही खरीद सकेगा। वहीं, दर्शकों के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। क्रिकेट प्रेमी जिला डॉट इन के माध्यम से ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं।
जेएससीए की ओर से टिकटों की विभिन्न श्रेणियों और उनकी कीमतों की जानकारी पहले ही जारी की जा चुकी है। वहीं, मुकाबले को लेकर स्टेडियम में तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं। झारखंड के साथ-साथ दूसरे राज्यों से आने वाले दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भी जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
अब 9 अक्टूबर को रांची में होने वाले इस रोमांचक मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
