
रांची: राजधानी रांची के स्मार्ट सिटी स्थित मंत्री आवास में गुरुवार शाम का माहौल बेहद गमगीन रहा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ मंत्री दीपिका पांडे सिंह के आवास पहुंचे और उनकी दिवंगत पुत्री तृषा सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

तृषा सिंह के असमय निधन से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी भावुक नजर आए। श्रद्धांजलि देने के दौरान उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। कुछ देर के लिए मंत्री आवास का माहौल बेहद भावुक हो गया।
बताया जा रहा है कि करीब 18 दिनों के भीतर यह दूसरी बार है, जब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन किसी करीबी के निधन के मौके पर भावुक नजर आए हैं। इससे पहले मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद भी मुख्यमंत्री की आंखें नम हुई थीं। अब मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी तृषा सिंह के असमय निधन ने एक बार फिर उन्हें भावुक कर दिया।

तृषा सिंह के निधन की खबर के बाद मंत्री आवास पर परिजनों, शुभचिंतकों और राजनीतिक जगत से जुड़े लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। सभी ने तृषा सिंह को श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
मंत्री आवास पर मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम थीं। बेटी को खोने के गम में परिवार पूरी तरह टूट गया है। तृषा सिंह के असमय निधन से पूरे राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में भी शोक की लहर है।