
रांची के हटिया स्टेशन दुर्गा पूजा समिति इस वर्ष दुर्गा पूजा को खास और आकर्षक बनाने की तैयारी में जुटी है। समिति का यह 62वां वर्ष है और इस बार श्रद्धालुओं को थाईलैंड के प्रसिद्ध बौद्ध मंदिरों की वास्तुकला की झलक देखने को मिलेगी।
हटिया स्टेशन दुर्गा पूजा समिति द्वारा इस वर्ष दक्षिण-पूर्वी एशियाई वास्तुकला, खासकर थाईलैंड के बौद्ध मंदिर की थीम पर भव्य पूजा पंडाल तैयार किया जा रहा है। पंडाल में थाई शैली की बहु-स्तरीय छतें और नुकीले घुमावदार किनारे आकर्षण का केंद्र होंगे।
करीब 200 फीट ऊंचे और 150 फीट चौड़े इस विशाल पंडाल के निर्माण में बांस, कपड़े, लकड़ी और फाइबरग्लास जैसी अस्थायी सामग्रियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। पंडाल को तैयार करने के लिए बंगाल से आए करीब 25 कारीगर दिन-रात काम कर रहे हैं।
समिति के मुताबिक, पंडाल के निर्माण में करीब 11 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। समिति के सचिव इंद्रजीत सिंह ने बताया कि पंचमी के दिन पंडाल का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। इसी दिन डांडिया कार्यक्रम का भी आयोजन होगा।
दुर्गा पूजा के दौरान समिति की ओर से हर दिन विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। ऐसे में इस बार हटिया स्टेशन का पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक आस्था के साथ-साथ कला और वास्तुकला का भी आकर्षण बनने वाला है।
हटिया स्टेशन दुर्गा पूजा समिति 2026 के अध्यक्ष नंदन यादव हैं, जबकि सचिव की जिम्मेदारी इंद्रजीत सिंह संभाल रहे हैं। समिति में मुख्य संयोजक, संरक्षक, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, पंडाल सेक्शन, भोग विभाग और महामंत्री समेत बड़ी संख्या में सदस्य शामिल हैं।
पूजा समिति ने श्रद्धालुओं से दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचकर आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की है।