
राँची: पड़हा राजा सोम मुंडा की हत्या के विरोध में ग्रामीणों का आक्रोश सड़कों पर देखने को मिला। बुधवार को लोधामा–कर्रा रोड स्थित रिंग रोड ब्रिज क्षेत्र में ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। प्रदर्शनकारियों ने हत्या के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि सोम मुंडा खूंटी जिले के रहने वाले थे और उनकी हत्या आदिवासी समाज के स्वशासन, परंपरा और अस्मिता पर सीधा हमला है। इस घटना से पूरे आदिवासी समाज को गहरा आघात पहुंचा है, जिसकी भरपाई करना बेहद मुश्किल है। सड़क जाम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रित स्थिति बनी हुई है।