कोलकाता में झारक्राफ्ट का नया इम्पोरियम शुरू, झारखंड की कला और कारीगरों को मिलेगा नया मंच

Spread the love

कोलकाता के थिएटर रोड में बुधवार को झारक्राफ्ट के नए इम्पोरियम का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर झारखंड के उद्योग मंत्री Sanjay Prasad Yadav और उद्योग सचिव Arwa Rajkamal विशेष रूप से मौजूद रहे।


उद्योग मंत्री ने कहा कि यह नया इम्पोरियम सिर्फ उत्पादों की बिक्री का केंद्र नहीं, बल्कि झारखंड के हजारों कारीगरों, बुनकरों और ग्रामीण महिलाओं के सपनों, मेहनत और आत्मविश्वास का प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि झारक्राफ्ट लगातार राज्य के हस्तशिल्प, हथकरघा, तसर सिल्क, डोकरा कला, बाँस एवं लकड़ी के शिल्प को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का कार्य कर रहा है।


उन्होंने यह भी कहा कि कोलकाता जैसे सांस्कृतिक और ऐतिहासिक शहर में झारक्राफ्ट के नए इम्पोरियम की शुरुआत झारखंड के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इससे ग्रामीण रोजगार को बढ़ावा मिलेगा और महिला सशक्तिकरण को नई मजबूती मिलेगी।


वहीं उद्योग सचिव ने कहा कि कोलकाता कला, साहित्य और संस्कृति का केंद्र रहा है। ऐसे शहर में झारक्राफ्ट का यह नया इम्पोरियम दो राज्यों की सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने का कार्य करेगा। यहां आने वाले लोगों को झारखंड की पारंपरिक कला और आधुनिक डिजाइन का सुंदर संगम देखने को मिलेगा।


कार्यक्रम में झारक्राफ्ट की प्रबंध निदेशक Garima Singh ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में झारक्राफ्ट देश के अन्य महानगरों में भी नए इम्पोरियम खोलने की दिशा में कार्य करेगा।


झारक्राफ्ट के इस नए इम्पोरियम में तसर सिल्क साड़ियाँ, डिजाइनर कुर्ती, सलवार सूट, स्कार्फ, शॉल, कुर्ता, बंडी, लेदर बैग समेत कई हस्तशिल्प उत्पाद ग्राहकों को आकर्षित करेंगे। झारखंड के उत्पादों की देश-विदेश में बढ़ती मांग को देखते हुए यह इम्पोरियम कारीगरों के लिए नए अवसर लेकर आया है।

Leave a Reply