
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) द्वारा चाईबासा के पिल्लाई हॉल में बूथ स्तरीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झामुमो के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता विनोद कुमार पाण्डेय ने बूथ समिति और बीएलए-2 कार्यकर्ताओं को संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए उन्हें सतर्क, सक्रिय और संगठित रहने का आह्वान किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के माध्यम से झारखंड के लाखों मतदाताओं का नाम वोटर सूची से हटाने का षड़यंत्र किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन कर रही है और कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कोई भी पात्र झारखंडी मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे।

विनोद पाण्डेय ने कहा कि चुनाव के दौरान बूथ समिति के सदस्य संगठन की रीढ़ होते हैं। वहीं बीएलए-2 कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है, क्योंकि उन्हें मतदाता सूची से जुड़े कार्यों पर लगातार नजर रखनी होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करने की अपील की।

कार्यशाला में संगठन को एक मजबूत श्रृंखला बताते हुए कहा गया कि बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक सभी इकाइयों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यदि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर कार्य करें तो संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा जनता के अधिकारों और जनहित के मुद्दों के लिए प्रभावी संघर्ष कर सकेगा।

कार्यक्रम में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और लोकतांत्रिक भागीदारी को मजबूत बनाने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर मंत्री दीपक बिरुवा, सांसद जोबा माझी, विधायक निरल पूर्ति, विधायक जगत माझी, जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम, जिला सचिव राहुल आदित्य सहित बड़ी संख्या में झामुमो पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।