रांची में अड्डाबाजी और नशापान के खिलाफ जिला प्रशासन का अभियान, युवाओं को दी गई सख्त चेतावनी

Spread the love

रांची: जिला प्रशासन द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर अड्डाबाजी, नशापान और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर सोमवार को अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत के नेतृत्व में अरगोड़ा थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में विशेष जांच अभियान चलाया गया।


अभियान के दौरान अरगोड़ा मैदान, हरमू मैदान, अरगोड़ा चौक तथा हरमू स्थित शराब दुकान और उसके आसपास के क्षेत्रों की सघन जांच की गई। प्रशासनिक टीम ने सार्वजनिक स्थलों पर अनावश्यक रूप से जमा लोगों से पूछताछ की और उन्हें कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर युवाओं का समूह अनावश्यक रूप से जमा पाया गया। प्रशासन ने उन्हें सार्वजनिक स्थलों पर अड्डाबाजी नहीं करने, नशापान से दूर रहने और सामाजिक जिम्मेदारियों का पालन करने की हिदायत दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

एसडीओ सदर कुमार रजत ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर अनावश्यक जमावड़ा और नशापान जैसी गतिविधियां आम लोगों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था के लिए चुनौती हैं। जिला प्रशासन ऐसे मामलों पर लगातार नजर बनाए हुए है और आगे भी नियमित रूप से अभियान जारी रहेगा।


इस अभियान में अरगोड़ा थाना प्रभारी समेत पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम मौजूद रही। जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी सुरक्षित, स्वच्छ और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को देने की अपील की है।

Leave a Reply