अंडर-18 एशिया कप हॉकी: भारत ने सिंगापुर को 25-0 से रौंदा, झारखंड की बेटियों ने भी किया कमाल

Spread the love

रांची: जापान के काकामीगहारा शहर में आयोजित अंडर-18 महिला एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने अंतिम लीग मुकाबले में सिंगापुर को 25-0 से करारी शिकस्त दी। इस शानदार जीत के साथ भारतीय टीम अपने पूल में शीर्ष स्थान हासिल कर सेमीफाइनल में पहुंच गई है।


29 मई से 6 जून 2026 तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारतीय टीम लगातार आक्रामक और प्रभावशाली खेल का प्रदर्शन कर रही है। सिंगापुर के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और गोलों की झड़ी लगा दी।


इस ऐतिहासिक जीत में झारखंड की बेटियों ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। झारखंड की संदीपा कुमारी, पुष्पा मांझी और श्रुति कुमारी ने एक-एक गोल कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।


भारत की ओर से नाज़ नुशीन ने सर्वाधिक 7 गोल किए, जबकि गीथाश्री नाम्मी ने 5 गोल और टीम की कप्तान स्वीटी कुजूर ने 4 गोल दागे।


गौरतलब है कि इस प्रतियोगिता में झारखंड से पुष्पा मांझी, संदीपा कुमारी, श्रुति कुमारी, खिली कुमारी, नीलम टोपनो और सुगन सांगा भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।
मैच के दौरान हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह भी स्टेडियम पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। जीत के बाद उन्होंने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ी इसी लय को बरकरार रखें और फाइनल जीतकर जापान की धरती पर भारत का तिरंगा लहराएं।


भारतीय टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने पर हॉकी झारखंड और खेल विभाग, झारखंड सरकार के अधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply