
धनबाद, 10 जून 2026: धनबाद के टाउन हॉल में बुधवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की धनबाद जिला समिति द्वारा एक दिवसीय BLA-2 एवं बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष लक्खी सोरेन ने की, जबकि मंच संचालन जिला सचिव मन्नू आलम ने किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो के केंद्रीय महासचिव एवं केंद्रीय प्रवक्ता विनोद कुमार पाण्डेय शामिल हुए। सम्मेलन की शुरुआत झारखंड आंदोलन के महानायक एवं झामुमो के संस्थापक दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके संघर्ष एवं झारखंड निर्माण में योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
सम्मेलन में धनबाद जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से बड़ी संख्या में BLA-2, बूथ अध्यक्ष, बूथ सचिव तथा बूथ स्तरीय कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाना, बूथ प्रबंधन को सशक्त करना तथा आगामी चुनावी चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करना था।

अपने संबोधन में केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पाण्डेय ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया के माध्यम से झारखंड के वास्तविक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि झामुमो ऐसे किसी भी प्रयास का लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से विरोध करेगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में मतदाता सूची का सत्यापन करने, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने और हटाए गए नामों को पुनः शामिल कराने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर का संगठन ही पार्टी की वास्तविक ताकत है।

सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण, बूथ प्रबंधन, सदस्यता अभियान, संगठन विस्तार और चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया।

कार्यक्रम के अंत में टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। सम्मेलन में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
