बोकारो टाउन हॉल में उमड़ा जनसैलाब, JMM के बूथ सम्मेलन में शामिल हुए विनोद कुमार पाण्डेय

Spread the love

बोकारो: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) द्वारा बुधवार को बोकारो टाउन हॉल (शिबू सोरेन स्मृति भवन) में जिला स्तरीय बूथ सम्मेलन सह कार्यकर्ता महासम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में जिले भर से आए हजारों कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों की मौजूदगी ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।


कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर केंद्रीय महासचिव का पारंपरिक झारखंडी रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और कार्यकर्ताओं के जोशीले नारों के बीच उन्हें चांदी का मुकुट और मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया।


सम्मेलन के दौरान संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही वर्तमान जनगणना प्रक्रिया और संभावित एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक जानकारी और दिशा-निर्देश दिए गए।


अपने संबोधन में विनोद कुमार पाण्डेय ने कहा कि झारखंड में झामुमो सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत के रूप में उभरी है और सरकार का नेतृत्व कर रही है। ऐसे में पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी पहले से अधिक बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर का कार्यकर्ता ही संगठन की असली रीढ़ होता है और संगठन की मजबूती बूथ से ही तय होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में हजारों कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत बनाने तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया। संगठनात्मक दृष्टिकोण से इस सम्मेलन को झामुमो के लिए बेहद महत्वपूर्ण और सफल माना जा रहा है।

Leave a Reply