झारखंड सूचना आयोग में 4 नए सूचना आयुक्त नियुक्त, राज्यपाल ने दी मंजूरी

Spread the love

रांची, 10 जून 2026: झारखंड के राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार ने झारखंड राज्य सूचना आयोग में चार नए सूचना आयुक्तों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। राज्य सरकार द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर स्वीकृति प्रदान करते हुए राज्यपाल ने श्री अनुज कुमार सिन्हा, श्री तनुज खत्री, श्री अमूल्य नीरज खलखो तथा श्री शिवपूजन पाठक को सूचना आयुक्त नियुक्त करने की अनुमति दी है।



राजभवन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राज्यपाल ने इन नियुक्तियों को कुछ शर्तों के साथ अनुमोदित किया है। उन्होंने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि झारखंड राज्य सूचना आयोग में मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति शीघ्र सुनिश्चित की जाए, ताकि आयोग का कार्य सुचारु एवं प्रभावी ढंग से संचालित हो सके।


राज्यपाल ने यह भी स्पष्ट किया है कि सूचना आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया में यदि किसी प्रकार की प्रक्रियागत त्रुटि पाई जाती है अथवा उच्चतम न्यायालय के आदेशों के अनुपालन से संबंधित कोई प्रश्न उत्पन्न होता है, तो इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।



इस निर्णय के साथ झारखंड राज्य सूचना आयोग को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply