
रांची: झारखंड आंदोलनकारी आज झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के बैनर तले मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे। आंदोलन को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, वहीं मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है।
आंदोलनकारियों का कहना है कि झारखंड राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने के बावजूद वास्तविक आंदोलनकारियों को अब तक वह सम्मान और सरकारी सुविधाएं नहीं मिल पाई हैं, जिनके लिए लंबे समय से मांग की जा रही है। उनका आरोप है कि सरकार द्वारा किए गए कई वादे आज भी अधूरे हैं।
आंदोलनकारियों के अनुसार उन्हें न तो उचित पेंशन का लाभ मिल रहा है और न ही अन्य सरकारी योजनाओं का पूरा फायदा मिल पा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर बड़ी संख्या में आंदोलनकारी आज मुख्यमंत्री आवास के समक्ष प्रदर्शन करेंगे और अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
प्रशासन ने लोगों से यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। आंदोलन के कारण राजधानी रांची के कुछ इलाकों में यातायात प्रभावित होने की संभावना है।
