
गोड्डा, 13 जून 2026: जिला झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) गोड्डा द्वारा शनिवार को मुख्यालय स्थित शुभदा बैंकट हॉल में भव्य बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडे, केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा, सांसद विजय हांसदा, विधायक हेमलाल मुर्मू, विधायक धनंजय सोरेन सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष प्रो. प्रेमनंदन कुमार ने की।

सम्मेलन में जिले के 1256 बूथों से बीएलए-2, बूथ अध्यक्ष, संयोजक, जिला, प्रखंड, पंचायत कमेटी एवं विभिन्न वर्ग संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था। नेताओं का स्वागत ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया। इसके बाद झारखंड राज्य निर्माता एवं झामुमो संस्थापक स्वर्गीय शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
जिला समिति की ओर से सभी नेताओं का अंगवस्त्र, पौधा एवं 100 किलो फूलों की माला पहनाकर सम्मान किया गया। दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का विधिवत उद्घाटन किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान “शिबू सोरेन अमर रहें”, “हेमंत सोरेन जिंदाबाद” और “कल्पना मुर्मू सोरेन जिंदाबाद” के नारों से वातावरण गूंजता रहा।
सम्मेलन में संगठन की मजबूती, आगामी राजनीतिक चुनौतियों तथा बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अपने संबोधन में केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडे ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी संगठन को और मजबूत बनाने के लिए अब बूथ कमेटी को सबसे निचली एवं महत्वपूर्ण इकाई के रूप में विकसित किया जा रहा है।

उन्होंने बीएलए-2 एवं बूथ कमेटी के सदस्यों से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी योग्य मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा किसी भी अयोग्य व्यक्ति का नाम सूची में न जुड़ पाए, इसके लिए कार्यकर्ताओं को सतर्क रहना होगा। साथ ही उन्होंने लोकतंत्र में मतदान के अधिकार के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में केंद्रीय समिति सदस्य पुष्पेंद्र टुडू, पूर्व विधायक ताला मरांडी, वासुदेव सोरेन, सिमोन माल्टो, पूनम देवी, जसिंता हेंब्रम, श्याम हेंब्रम, युसूफ अंसारी, मृत्युंजय सिंह, अवध किशोर हांसदा, राजेश हांसदा, विनोद मुर्मू, सुल्तान अहमद, इरफान अंसारी, मोहम्मद आरमान, ताला टुडू, महेंद्र उरांव, कयूम अंसारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
